रोहित बंसल 95.6%, सुखमनी सिंह 94.8% और हरमन दीप कौर 92.20% अंकों के साथ संकाय टॉपर
ग्रामोत्थान विद्यापीठ द्वारा संचालित एसकेएम पब्लिक स्कूल, संगरिया का सीबीएसई कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी उत्कृष्ट रहा। विद्यार्थियों ने विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय में श्रेष्ठ अंक प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
विज्ञान संकाय में रोहित बंसल ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। कला संकाय में सुखमनी सिंह ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि वाणिज्य संकाय में हरमन दीप कौर ने 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अलावा भाविका ने 93.4 प्रतिशत, तान्या बिश्नोई ने 93.4 प्रतिशत, बवनीत कौर ने 91.2 प्रतिशत, नव्या ने 88.2 प्रतिशत, हिमांशी ने 88.2 प्रतिशत, तनीषा ने 88 प्रतिशत, मीनाक्षी ने 87 प्रतिशत, अभिनव ने 85.6 प्रतिशत, कनिष्ठा ने 85.50 प्रतिशत, रुद्राक्ष झोरड़ ने 85.20 प्रतिशत तथा भावना ने 85.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठ प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के प्राचार्य शाह कृष्ण मुरारी ने बताया कि इस वर्ष कक्षा 12वीं में 47 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। वहीं अधिकांश विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के अनुशासन, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि एसकेएम पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, नैतिक शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों को स्वामी केशवानंद जी के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी जाती है।
परीक्षा प्रभारी आस मोहम्मद खान ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का फल है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



