अभय सिंह चौटाला बोले — मुख्यमंत्री नायब सैनी का कार्यकाल पंजाब चुनाव तक ही

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंडियों में खरीद केंद्रों की समस्या और सरसों की फसल की खरीद को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मंडियों में मार्केट कमेटियों द्वारा लाइसेंस नहीं दिए जाने के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि गेहूं खरीद केंद्र तुरंत शुरू किए जाएं और सरसों की खरीद 12 मार्च से शुरू की जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्थानीय खरीद केंद्रों को बंद करने और पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाने से किसानों को दूर मंडियों में जाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने इस मामले पर अधिकारियों से बात कर समाधान करने का आश्वासन दिया है।
सरसों की खरीद को लेकर अभय चौटाला ने कहा कि भिवानी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, पलवल और नूंह जिलों में सरसों की फसल तैयार हो चुकी है, इसलिए 12 मार्च से खरीद शुरू की जानी चाहिए।
राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि इनेलो को बीजेपी की बी टीम कहने से पहले हुड्डा अपने लोगों को संभालें। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा के कारण ही कई नेता कांग्रेस छोड़कर गए।
साथ ही अभय चौटाला ने सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर निर्माण के लिए बजट में प्रावधान न होने को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी सवाल उठाए और कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यकाल पंजाब विधानसभा चुनाव तक ही है।





