हांसी-जींद रोड पर हादसा, स्कूटी सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग घायल
हरियाणा के हांसी में जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता और यूथ राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के काफिले से जुड़ी एक गाड़ी के खुले दरवाजे से स्कूटी सवार बुजुर्ग की टक्कर हो गई। हादसे में बुजुर्ग सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल की पहचान हांसी की दयाल सिंह कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बसाउद्दीन के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह किसी काम से स्कूटी पर हांसी कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान हांसी-जींद रोड पर खड़ी काफिले की एक गाड़ी का दरवाजा खुला और उनकी उससे टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी दूर जा गिरी और बसाउद्दीन सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। हादसे में उनके सिर, छाती और पसलियों में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले उन्हें संभाला, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले गए। डॉक्टरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति पर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
घायल बसाउद्दीन ने बताया कि सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी थीं और तभी अचानक एक गाड़ी का दरवाजा खुल गया, जिससे उनकी स्कूटी टकरा गई। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद वह बेहोश हो गए और उन्हें यह भी पता नहीं कि अस्पताल कौन लेकर आया। फिलहाल उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
वहीं, दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उनके काफिले ने किसी को टक्कर नहीं मारी। उनके अनुसार गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थीं और रॉन्ग साइड से आ रहे बुजुर्ग की स्कूटी खुले दरवाजे से टकरा गई।





