
ब्रिटिश कोलंबिया (कनाडा)। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब के तरनतारन जिले के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हाईवे नंबर-97 (अलास्का हाईवे) पर नेल्सन शहर के पास उस समय हुआ जब ड्यूटी के दौरान उनका ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव माड़ी गौर सिंह (भिक्खीविंड) निवासी 32 वर्षीय तलविंदर सिंह गिल और गांव एलोवाल (वीरोवाल) निवासी करीब 30 वर्षीय जजबीर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक कनाडा के एडमोंटन शहर में रहते थे और ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजन शवों को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
(Jan Sandesh News)




