राजस्थान में आर्मी एरिया की जासूसी की जा रही थी। इसके लिए छावनी इलाकों में सोलर कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों को पाकिस्तानी हैंडलर्स ऑपरेट कर रहे थे। जिसका लाइव फुटेज पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) को भेजा रहा था।
अलवर और बीकानेर में लगे इन सोलर कैमरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हटवा दिया है। एक संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली और पंजाब से भी ऐसे ही मामले में 11 जासूसों और आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। सूत्रों के अनुसार- शुरुआती जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स, आईएसआई और आतंकी संगठन के साथ मिलकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। टीम चार दिन पहले आई थी। फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई हैं।
सूत्रों के मुताबिक-दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अलवर और बीकानेर में सक्रिय हैं। अलवर से एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार- सोलर कैमरे सेना की छावनी से जुड़े संवेदनशील इलाकों के पास लगाए गए थे। इन कैमरों के जरिए सेना की आवाजाही पर नजर रखी जा रही थी, जिसका लाइव फुटेज सीधे पाकिस्तान की एजेंसियों तक भेजा जा रहा था। इन कैमरों को ऑपरेट भी पाकिस्तानी हैंडलर्स कर रहे थे।

