राज्यसभा चुनाव परिणाम के बाद अभय चौटाला का हमला, बोले- जनता के हित में लिया ऐतिहासिक फैसला

In हरियाणा
March 20, 2026
Share News

हुड्डा पर लगाया बड़ा आरोप, बीजेपी पर भी विधायक खरीदकर लोकतंत्र का गला घोंटने का दावा

चंडीगढ़- राज्यसभा चुनाव का नतीजा आने के बाद इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस बार राज्यसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक खेल खेला गया और जिन विधायकों को टिकट दिलवाने में हुड्डा की भूमिका रही, उन्हीं विधायकों ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया।

अभय चौटाला ने दावा किया कि यह बगावत विधायकों की व्यक्तिगत नहीं थी, बल्कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रणनीति का हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बात का खुलासा किया जाएगा कि कांग्रेस के बागी विधायकों के पीछे भी हुड्डा की ही भूमिका थी।

उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस के पास 30 विधायक थे, लेकिन तब भी भूपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी से मिलीभगत कर दूसरा उम्मीदवार खड़ा नहीं होने दिया। अभय चौटाला ने यह भी कहा कि उसी चुनाव में कुमारी शैलजा की टिकट काटी गई थी, जिससे उनके समर्थक विधायक नाराज हो गए थे।

अभय चौटाला ने राहुल गांधी द्वारा उतारे गए उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि हुड्डा उन्हें पसंद नहीं करते थे। उन्होंने हुड्डा पर दलित विरोधी होने का आरोप भी लगाया और कहा कि अशोक तंवर के साथ हुई घटना तथा शैलजा प्रकरण इसके उदाहरण हैं। उनके मुताबिक, बीजेपी पैसे के बल पर और हुड्डा विधायकों के बल पर दलित उम्मीदवार को हराना चाहते थे।

इनेलो के राज्यसभा चुनाव से दूर रहने के फैसले पर अभय चौटाला ने कहा कि यह निर्णय सोच-समझकर लिया गया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में लोगों से रायशुमारी की थी और जनता चाहती थी कि इनेलो इस चुनाव से दूरी बनाए रखे। उन्होंने इसे जनता के हित में लिया गया एक ऐतिहासिक फैसला बताया।

मुख्यमंत्री द्वारा इनेलो को कांग्रेस की ‘बी टीम’ बताए जाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसा कहने से पहले प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने विधायक खरीदकर लोकतंत्र का गला घोंटा है।

Leave a Reply

यहां / नीचे दिए गए स्थान पर पोस्ट की गई टिप्पणियां जन संदेश की ओर से नहीं हैं। टिप्पणी पोस्ट करने वाला व्यक्ति पूरी तरह से इसकी जिम्मेदारी के स्वामित्व में होगा। केंद्र सरकार के आईटी नियमों के मुताबिक, किसी व्यक्ति, धर्म, समुदाय या राष्ट्र के खिलाफ किया गया अश्लील या आपत्तिजनक बयान एक दंडनीय अपराध है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।