चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सेवा सिंह रापड़िया की ‘हरियाणवी मखौल’ नामक शीर्षक पुस्तक का किया लोकार्पण

चंडीगढ़ : इनेलो नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने वीरवार को यहां पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान अपने एक सहयोगी द्वारा हरियाणवी भाषा में लिखी ‘हरियाणवी मखौल’ नामक शीर्षक का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा की साहित्यिक परम्परा, वेदों की रचना से प्रारम्भ होकर महर्षि वेद व्यास, संतकवि सूरदास, पं. लखमीचंद और हाली पानीपती के मार्गदर्शन को समाहित करती हुई वर्तमान रचना धर्मिता तक पहुंची है।

प्रदेश की साहित्यिक परम्परा को समृद्ध करने, साहित्यिक परिवेश का निर्माण करने तथा लेखकों को प्रोत्साहित करने हेतु समय-समय पर विभिन्न साहित्यिक रचनाएं प्रकाशित की जाती रही हैं। हरियाणा राज्य के जो लेखक हिन्दी एवं हरियाणवी भाषा में साहित्य रचना करते हैं, उन्हें सहयोग प्रदान किया जाता है ताकि उनकी रचनाएं पाठकों तक पहुंच सकें। इनेलो नेता ने कहा कि मुझे हार्दिक प्रसन्नता है कि सेवा सिंह रापडिय़ा की ‘हरियाणवी मखौल’ नामक शीर्षक पुस्तक का लोकार्पण किया जा रहा है। आशा है सुधी पाठकों द्वारा लेखक के इस सफल प्रयास का स्वागत किया जाएगा।