चंडीगढ़– Jansandesh.news
(इनेलो) की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित जाट भवन में संपन्न हुई। बैठक में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था, अमेरिकन ट्रेड टैरिफ और भाजपा सरकार द्वारा बीपीएल व राशन कार्ड काटे जाने के खिलाफ सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किए गए। इसके साथ ही 23 मार्च को नरवाना में होने वाले प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया और सभी नेताओं से सुझाव लिए गए। युवा सम्मेलन के लिए सभी जिलों में प्रभारी भी नियुक्त किए गए।

“दो विधायक होने के बावजूद इनेलो निभा रही असली विपक्ष की भूमिका”
अपने संबोधन में चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की जनता के बीच यह चर्चा आम है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए इनेलो ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल रही है, जबकि इनेलो केवल दो विधायक होने के बावजूद प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभा रही है।
चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में किसान, मजदूर, कर्मचारी, छोटे व्यापारी, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा—सभी वर्ग परेशान हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां हरियाणा का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, वहीं उच्च सरकारी पदों पर बाहर के राज्यों के लोगों को भर्ती किया जा रहा है।
“भाजपा सरकार युवाओं के साथ कर रही धोखा”
इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं से सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें बेरोजगारी की दलदल में झोंक दिया। उन्होंने दावा किया कि कई सरकारी भर्तियों में 90 प्रतिशत तक बाहरी राज्यों के लोगों को जगह दी गई है, जिससे हरियाणा का युवा हताश और निराश है। प्रो. संपत सिंह ने कहा कि 23 मार्च का युवा सम्मेलन प्रदेश की राजनीति में नया अध्याय लिखेगा।
“अभय चौटाला प्रदेश की जनता की एकमात्र उम्मीद”
प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि चौधरी अभय सिंह चौटाला आज प्रदेश की जनता की एकमात्र उम्मीद हैं, जो भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंक सकते हैं। उन्होंने भाखड़ा के पानी और बुढ़ापा पेंशन के मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि अभय चौटाला की चेतावनी के बाद ही सरकार को झुकना पड़ा।
रामपाल माजरा ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और शिक्षा का बुनियादी ढांचा पूरी तरह कमजोर हो चुका है।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, शेर सिंह बडशामी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, संगठन सचिव उमेद लोहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी, महिला प्रदेश संयोजक तनुजा कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।





