अलीगढ़ | खेल डेस्क-
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रिंकू सिंह के पिता खानचंद का सपना है कि उनका बेटा टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाता हुआ दिखे। इस सपने को लेकर उन्होंने 30 जनवरी को डीपीएस अलीगढ़ में पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया था।

मौका था डीपीएस अलीगढ़ में आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी प्रदर्शन कार्यक्रम का। रिंकू सिंह इसी विद्यालय के छात्र रह चुके हैं, इसलिए ट्रॉफी को यहां प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पिता खानचंद ने वीडियो कॉल के जरिए बेटे को ट्रॉफी दिखाते हुए कहा था—
“इसे देख लो, ये ट्रॉफी तुम्हें ही लेकर आनी है।”
अब रिंकू सिंह पर अपने पिता के इस सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। यदि आने वाले वर्ल्ड कप मुकाबलों में रिंकू बेहतर प्रदर्शन कर टीम इंडिया को खिताब जिताने में योगदान देते हैं, तो यह उनके पिता के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।
खास बात यह है कि अब रिंकू को यह प्रदर्शन पिता की फटकार और सुझावों के बिना करना होगा। खानचंद अक्सर बेटे के खेल पर नजर रखते थे और जरूरत पड़ने पर सलाह भी देते थे। इसका जिक्र उन्होंने डीपीएस में ट्रॉफी प्रदर्शन के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में रिंकू ने 30 गेंदों में 39 रन बनाए थे। तीन चौके और दो छक्कों के साथ 130 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे रिंकू एक नीची गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इस पर पिता ने फोन कर उन्हें फटकार लगाई और कहा कि उस गेंद पर स्वीप शॉट खेलकर बाउंड्री भी लगाई जा सकती थी। जवाब में रिंकू ने माना कि उस समय टाइमिंग चूक गई थी।
अब देखना होगा कि रिंकू सिंह वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर अपने खेल से पिता के सपने को कितना साकार कर पाते हैं।
#RinkuSingh #T20WorldCup #TeamIndia




