
संगरिया | राजस्थान। जन-संदेश






एस.के.एम. पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ, संगरिया में सत्र 2025-26 का वार्षिक समारोह एवं शैक्षणिक प्रदर्शनी भव्यता, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से विद्यालय परिसर उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी केशवानंद जी के चित्र के समक्ष संस्था सचिव सुखराज सिंह सलवारा, संतोष अग्रवाल, डॉ. सुरेन्द्र सहारण (प्राचार्य, जी.वी. शिक्षा महाविद्यालय), अनूप कुमार (वरिष्ठ वैज्ञानिक), विनोद कुमार राव (प्राचार्य, जी.वी. उच्च माध्यमिक विद्यालय) तथा स्नेहलता गाबा (प्राचार्य, जी.वी. कन्या विद्यालय) द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय के स्काउट दल ने स्काउटर योगेश भोबिया के नेतृत्व में अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
प्रदर्शनी में दिखी रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार हैंडीक्राफ्ट, आर्ट एवं क्राफ्ट, खादी व हस्तशिल्प, ट्रैवल एंड टूरिज्म, फाइनेंशियल लिटरेसी, ब्लॉक प्रिंटिंग, ब्लू पॉटरी, विज्ञान मॉडल, आई.टी., मास मीडिया, हर्बल हेरिटेज, ब्यूटी एंड वेलनेस तथा स्काउट गैजेट्स दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।रोबोटिक्स सेक्शन में ऑटोमेटिक टोल बूथ, मोबाइल-ऑपरेटेड बल्ब व पंखा, सेंसर डस्टबिन, मिट्टी नमी सेंसर, 3-डी पेन और रिमोट कंट्रोल रोबोट जैसे प्रोजेक्ट्स ने तकनीकी नवाचार की झलक दिखाई।
एस.के.एम. पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह व शैक्षणिक प्रदर्शनी, शिक्षा-संस्कृति-नवाचार का अनूठा संगम
प्राइमरी एवं सीनियर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी, हरियाणवी व पंजाबी लोक नृत्य, ऑपरेशन सिंदूर पर लघु नाटिका, मोबाइल की लत पर नाटक, कव्वाली, राधा-कृष्ण महारास, योगा डांस तथा खेजड़ी–अमृता देवी के बलिदान पर आधारित नाटिका ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समापन पर पंजाबी गिद्दा विशेष आकर्षण रहा।
“बच्चों को रोबोट नहीं, अच्छा नागरिक बनाएं” – सुखराज सिंह सलवारा
मुख्य अतिथि सुखराज सिंह सलवारा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “बच्चों को रोबोट नहीं, अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाइए। केवल कोचिंग का दबाव न डालें, बल्कि स्कूली शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान दें।
”उन्होंने बालिका शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1997 में जब संस्था ने कॉलेज की शुरुआत की थी, तब मात्र 7 छात्राएँ थीं, जो आज सैकड़ों में हैं—यह ग्रामोत्थान विद्यापीठ की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
मेधावी विद्यार्थियों व खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, खेल व स्काउट-गाइड उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 12 की भव्या मरेजा को 2100 रुपये व चांदी का सिक्का, कक्षा 10 के टॉपर सिद्धार्थ ऐरी तथा कक्षा 12 के अक्ष कोचर को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए। इसके अलावा अनेक विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों तथा राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान मिला।
विद्यालय के लिए गौरव का क्षण
कार्यक्रम में डॉ. विकास गुम्बर, अशोक जैन, प्राचार्य विकास शर्मा, दीदार सिंह और प्रताप सिंह (थाना प्रभारी, संगरिया) सहित अनेक अतिथियों ने सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।अंत में प्राचार्य एस.के. मुरारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देते हैं। वरिष्ठ शिक्षक आस मोहम्मद ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply