
जन संदेश न्यूज नेटवर्क
पंचकूला: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने योग एवं आयुष सहायक प्रशिक्षण शिविर के मौके पर मुख्यमंत्री ने यह खुलासा किया। प्रदेश सरकार ने राज्य में योगशालाएं स्थापित करने और 1000 आयुष सहायकों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है। इनमें से 882 आयुष योग सहायकों ने विभिन्न योगशालाओं में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बाकी आयुष योग सहायकों की भर्ती का काम हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से चल रहा है। सरकार ने दूसरे चरण में एक हजार और व्यायामशालाओं पर कार्य शुरू करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार ने योग को नागरिकों की दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प किया है। सीएम ने कहा कि हर जिले में कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए हैं जो हर माह की 21 तारीख को गांव के योग सहायकों से रिपोर्ट लेकर मुख्यालय को भेजेंगे। दूसरे चरण में सभी जिलों में विशेष योग कोच लगाए जाएंगे जो योग सहायकों को समय समय पर प्रशिक्षण देने का भी कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि व्यायामशालाओं में बायोमीट्रिक मशीन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनमें योग साधकों की भी हाजिरी लगाई जाएगी। हर साल योग सहायकों की ग्रेडिंग का कार्य होगा। इसमें हर जिले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले योग सहायकों को पुरस्कार मिलेंगे। सीएम ने राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने और इनकी जिम्मेवारी योग सहायकों को सौंपने की घोषणा की। योग सहायकों का नजदीक स्थानांतरण करने पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में व्यायामशालाएं हैं उनमें गांव में आबादी अनुसार वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे।
इनमें योग को बढ़ावा देने और लोगों को आहार व्यवहार आदि दिनचर्या के बारे में अवगत करवाया जाएगा। नशामुक्त हरियाणा के लिए साइक्लोथॉन कार्यक्रम चलाया गया। इसमें 1 लाख 60 हजार युवाओं ने साइकिल चलाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत विभाग के एसीएस अनिल मलिक, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, आयुष विभाग के महानिदेशक डॉ. साकेत कुमार, हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डा. जयदीप आर्य, डीसी सुशील सारवान, पंचकूला मेयर कुलभूषण गोयल और श्रीकृष्णा आयुष विवि के कुलपति करतार सिंह धीमान आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
10वीं तक होगी योग की पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के महत्व को देखते हुए प्रदेश में नई पीढ़ी को योग प्रशिक्षण व योग साधना के लिए प्रेरित किया है। प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी योग सिखाया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र वर्ष 2022-23 से कक्षा पहली से 10वीं कक्षा तक योग शिक्षा को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया है। योग को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा योग आयोग का गठन किया है। योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना की है। पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की स्थापना की जा रही है। झज्जर जिला के गांव देवरखाना में पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना गई है।
718 व्यायामशालाओं का निर्माण जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए 1121 जगहों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 718 व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है व 273 योग एवं व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। प्रदेश में जिला स्तर पर आयुष विंग स्थापित किए हैं। इनमें योग विषेशज्ञों की नियुक्ति की है। राज्य में सभी आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। अब तक 386 आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड कर दिया है।
योग मानस पोर्टल व एप की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि योगशालाओं में होने वाली योग गतिविधियों की निगरानी के लिए योग मानस पोर्टल व मोबाइल एप्लीकेशन शुरू किया है। इस पर प्रतिदिन के कार्यों की रिपोर्ट डाल सकते हैं। पोर्टल पर निजी संगठन एवं गैर.सरकारी योग संस्थाओं के पंजीकरण के लिए भी योजना बनाई जा रही है ताकि उनके द्वारा की जाने वाली योग गतिविधियों की दैनिक आधार पर निगरानी की जा सके।