चौ. देवी लाल ने लोगों से जो वादे किए उन्हें पूरा किया, मैं भी अपने किए वादे पूरा करूंगा: अभय सिंह चौटाला

In हरियाणा
August 10, 2023
Share News

कहा – एक समय ऐसा था जब किसान के ऊपर कर्जा था, गरीब आदमी कर्जे से दुखी था, छोटा दुकानदार भी परेशान था, चौ. देवी लाल ने 1987 में किसानों और छोटे व्यापारियों के 10 हजार रूपए तक के कर्जे माफ किए थे तब जाकर के लोग दोबारा उभरे थे

लोग मुझे जुबान का धनी मानते हैं, मैं जो वादे आपसे कर रहा हूं वो सौ प्रतिशत पूरा करूंगा

करनाल, 10 अगस्त।  ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को 159वें दिन जिला करनाल के हलका निलोखेड़ी के गांव सौंकडा से शुरू हुई और गांव पखाना, तरावडी, नडाणा और सगा होते हुए काछवा पहुंची। गावों में पहुंचने पर इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला का गांव वासियों ने ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया।
अभय सिंह चौटाला गांव वासियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जाना और उनकी फसल बाड़ी के बारे में पूछा। इस दौरान इनेलो में शामिल होने का सिलसिला जारी रहा और अन्य दलों को छोडक़र सैकड़ों की तादाद में लोगों ने चौ. देवी लाल की नीतियों में आस्था रखते हुए इनेलो की सदस्यता ग्रहण की।

 


इनेलो नेता ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा गठबंधन सरकार से हर वर्ग दुखी है और पूछा कि क्या आप लोग मौजूदा सरकार को बदलना चाहते हो? और अगर बदलना चाहते हो तो अपने दोनों हाथ उठा कर कहो कि बदलना चाहते हो। जहां मौजूदा सरकार को बदलोगे वहीं हमारे ऊपर विश्वास करोगे या नहीं? इस पर वहां मौजूद सभी लोगों ने अपने दोनों हाथ उठा कर उनकी बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी पर विश्वास करने का कारण भी है। चौ. देवीलाल ने लोगों से जो भी वादे किए उन्हें पूरा किया। उन्होंने बुढ़ापा सम्मान पेंशन लागू की। एक समय ऐसा था जब किसान पर कर्जा था। गरीब आदमी कर्जे से दुखी था। छोटा दुकानदार भी परेशान था। चौ. देवी लाल ने 1987 में किसानों और छोटे व्यापारियों के 10 हजार रूपए तक के कर्जे माफ किए थे तब जाकर के लोग दोबारा उभरे थे। उन्होंने गरीब की बेटी की शादी में कोई कठिनाई न आए उसके लिए 51 सौ रूपए कन्यादान के रूप में सरकार की तरफ से दिए थे। इनेलो पार्टी उन्हीं की नीतियों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि लोग मुझे जुबान का धनी मानते हैं, मैं जो वादे आपसे कर रहा हूं वो सौ प्रतिशत पूरा करूंगा।

Leave a Reply

यहां / नीचे दिए गए स्थान पर पोस्ट की गई टिप्पणियां जन संदेश की ओर से नहीं हैं। टिप्पणी पोस्ट करने वाला व्यक्ति पूरी तरह से इसकी जिम्मेदारी के स्वामित्व में होगा। केंद्र सरकार के आईटी नियमों के मुताबिक, किसी व्यक्ति, धर्म, समुदाय या राष्ट्र के खिलाफ किया गया अश्लील या आपत्तिजनक बयान एक दंडनीय अपराध है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।