
अभय सिंह चौटाला ने यौन शोषण के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पूनिया के घर पहुंच कर समर्थन दिया..
लोग राजनीतिक स्टंट करने के लिए धरने पर सिर्फ फोटो खिंचवाने और अखबार में छपने के लिए जाते हैं, एक बार धरने पर जाकर फिर भूल जाते हैं…
हम फोटो ख्ंिाचवाने के बजाय हकीकत में मदद करने में विश्वास रखते हैं
भाजपा सरकार के खेल मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ और प्रताडि़त करने के आरोप लगाने वाली जूनियर कोच का मुद्दा सबसे पहले हमने उठाया और उसकी मदद की
2000 में चौटाला साहब ने मुख्यमंत्री रहते ओलंपिक में गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मैडल लाने पर क्रमश: 1 करोड़, 50 लाख और 25 लाख रूपए नगद इनाम देने की घोषणा की थी वहीं चौटाला साहब की बनाई खेल पालिसी को पूरे देश ने लागू किया
चूंकि बृज भूषण भाजपा का सांसद है इसलिए सरकार उसे बचा रही है, आपने देखा नहीं कि खेल मंत्री संदीप सिंह को मुख्यमंत्री कितने निचले स्तर पर गिर कर बचा रहे हैं
चंडीगढ़ – इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला यौन शोषण के खिलाफ जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पूनिया के घर समर्थन देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोग राजनीतिक स्टंट करने के लिए धरने पर सिर्फ फोटो खिंचवाने और अखबार में छपने के लिए जाते हैं। लोग एक बार धरने पर जाकर फिर भूल जाते हैं। लेकिन हम फोटो ख्ंिाचवाने के बजाय हकीकत में मदद करने में विश्वास रखते हैं। हम इन खिलाडिय़ों की कानूनी और अन्य रूप से मदद करेंगे ताकि असल में इन खिलाडिय़ों को न्याय मिल सके। उन्होंने करण चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी को जंतर-मंतर पर बैठे खिलाडिय़ों का समर्थन करने भेजा है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि एक अंतर्राष्ट्रीय एथलीट और खेल विभाग में जूनियर कोच के पद पर तैनात महिला खिलाड़ी ने भाजपा सरकार के खेल मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ और प्रताडि़त करने के आरोप लगाए थे। उस जूनियर कोच का मुद्दा सबसे पहले हमने उठाया और उसकी मदद की। जबकि विधान सभा में जब हमने यह मुद्दा उठाया तो मुख्य विपक्षी दल के नेता भूपेंद्र हुड्डा दो मिनट के लिए भी खड़ा होकर उस महिला खिलाड़ी के पक्ष में यह नहीं कह सके कि या तो खेल मंत्री सदन में रहेगा या वो रहेंगे। बजाय महिला खिलाड़ी की आवाज उठाने के भूपेंद्र हुड्डा सदन से वॉक आउट करके भाग गए थे।
इनेलो नेता ने कहा कि सच्चाई यह है कि देश और प्रदेश में खेलों को अगर सबसे ज्यादा किसी ने बढ़ावा दिया है तो इनेलो पार्टी ने दिया है। सबसे पहले 3 प्रतिशत खेल कोटा स्वर्गीय देवी लाल ने पुलिस विभाग में शुरू किया था। 2000 में चौटाला साहब ने मुख्यमंत्री रहते ओलंपिक में गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मैडल लाने पर क्रमश: 1 करोड़, 50 लाख और 25 लाख रूपए नगद ईनाम देने की घोषणा की थी। इनेलो प्रमुख की बनाई खेल पालिसी को पूरे देश ने लागू किया। हमारी शुरू की हुई खेल नीति के कारण ही आज खिलाडिय़ों की कोई जगह हैं और नाम है। उन्होंने कहा कि जब वो बॉक्सिंग संघ के प्रधान थे तब से ओलंपिक में मैडल आने शुरू हुए थे और महिला एवं पुरूष खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अवसर दिए थे।
उन्होंने कहा कि पहले दिन जब कुश्ती खिलाड़ी यौन शोषण के खिलाफ धरने पर बैठे थे उसी दिन कुश्ती संघ को बैन कर देना चाहिए था और बृज भूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्यवाही करनी चाहिए थी। चूंकि बृज भूषण भाजपा का सांसद है इसलिए सरकार उसे बचा रही है। आपने देखा नहीं कि खेल मंत्री संदीप सिंह को मुख्यमंत्री कितने निचले स्तर पर गिर कर बचा रहे हैं। यह हमारे देश का दुर्भाग्य है कि हमारी बेटियों के साथ भाजपा सरकार सांसद और मंत्री ही यौन शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मामला कोर्ट में है और उन्हें पूरा भरोसा है कि कोर्ट से इन खिलाडिय़ों को न्याय मिलेगा।